रांची-68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अंतर्गत अंडर 19 बालक-बालिका वर्ग टेनिस प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया है। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में हरियाणा की टीम विजेता और महाराष्ट्र की टीम उपविजेता बनी। बालिका वर्ग में तेलंगाना की टीम विजेता और दिल्ली की टीम उपविजेता बनी। अंडर 19 बालक वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में तेलंगाना के गुंडाबड़िन्ना साईं चरण यादव को स्वर्ण पदक, असम के रूपज्योति को रजत पदक और राजस्थान के हरी प्रकाश को कांस्य पदक मिला है। बालिका वर्ग अंडर 19 साइकिलिंग प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की आकांक्षा को स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के ही आशावरी रजवाने को रजत पदक और असम की देवी चबुकधारा को कांस्य पदक मिला है। अंडर 17 बालक वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में मणिपुर के युमनाम सुशिल सिंह को स्वर्ण पदक, झारखंड के अर्जुन कुमार को रजत पदक और दिल्ली के नरेनगबम सिंह को कांस्य पदक मिला है। अंडर 17 बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में पंजाब की प्रभजोत कौर को स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र की गायत्री को रजत पदक और तमिलनाडु की जय ज्योत्सना को कांस्य पदक मिला है। अंडर 14 बालक वर्ग प्रतियोगिता में मणिपुर के नरेनगबम सिंह को स्वर्ण पदक, मणिपुर के ही चुंगखम को रजत पदक और तमिलनाडु के मनीष को कांस्य पदक मिला है। अंडर 14 बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में राजस्थान की दीक्षा को स्वर्ण पदक, पंजाब की पलकप्रीत कौर को रजत पदक और महाराष्ट्र की दन्यानेश्वरी को कांस्य पदक मिला है।
साइकिलिंग में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, दोनों वर्गों में जीते तीन पदक
अंडर 19 साइकिलिंग (ट्रैक) प्रतियोगिता में झारखंड का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। अंडर 19 बालिका वर्ग साइकिलिंग में झारखंड की संजू कुमारी, सिंधु लता हेम्ब्रम और तारा मिंज को रजत पदक मिला है। अंडर 19 बालक वर्ग साइकिलिंग में झारखंड के दीपक उरांव, ऋतिक मिंज और सुशांत उरांव को कांस्य पदक मिला है। अंडर 19 बालक वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में राजस्थान के दिनेश गट, हरी प्रकाश और शिवरतन को स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के हरीश, रविराज और समरजीत को रजत पदक मिला है। झारखंड को तीसरे स्थान पर कांस्य पदक मिला है। अंडर 19 बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की आशावरी, आकांक्षा और प्रेरणा को स्वर्ण पदक, तमिलनाडु की जे निरायिमथी और टी कार्थियायनी को कांस्य पदक मिला है। इस प्रतियोगिता में झारखंड दूसरे स्थान पर रहा और राज्य को रजत पदक प्राप्त हुआ है। अंडर 17 बालक वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में झारखंड के अर्जुन कुमार को रजत पदक मिला है।
अंडर 19 लॉन टेनिस एकल प्रतियोगिताओ में दिल्ली और महाराष्ट्र का दबदबा
अंडर 19 लॉन टेनिस एकल प्रतियोगिताओ में दिल्ली और महाराष्ट्र की टीम का दबदबा रहा। अंडर 19 बालिका वर्ग एकल लॉन टेनिस प्रतियोगिता में दिल्ली की याशिका को स्वर्ण पदक, दिल्ली की ही कुमकुम को रजत पदक और दिल्ली की ही दिव्या को कांस्य पदक प्राप्त हुआ है। अंडर 19 बालक वर्ग एकल लॉन टेनिस प्रतियोगिता में CISCE के मन्नान अग्रवाल को स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के ओमकार शिंदे को रजत पदक और महाराष्ट्र के ही लक्ष्य को कांस्य पदक मिला है।
झारखंड के विजेताओं को दी बधाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, माननीय विभागीय मंत्री रामदास सोरेन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग समेत खेल कोषांग के अन्य पदाधिकारियों ने टेनिस और साइकिलिंग (ट्रैक) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले झारखंड के खिलाड़ियों को पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
कल होगा साइकिलिंग (ट्रैक) प्रतियोगिता का समापन
68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अंतर्गत अंडर 14/17/19 बालक-बालिका वर्ग साइकिलिंग (ट्रैक) प्रतियोगिता का सोमवार (20 जनवरी, 2025) को समापन होगा। इस प्रतियोगिता में अबतक झारखंड की टीम का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। राज्य को कल भी झारखंड के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है।
