श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और राजगीर-नालंदा क्षेत्र की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन आसनसोल, जसीडीह, झाझा, किउल, शेखपुरा, अस्थावां, बिहार शरीफ, नालंदा और राजगीर होते हुए नटेसर तक जाएगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 5 जुलाई 2026 से 29 सितंबर 2026 तक सप्ताह में रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को किया जाएगा। यह ट्रेन हावड़ा से रात 11:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:10 बजे जसीडीह, 8:10 बजे किउल, 8:45 बजे शेखपुरा, 9:25 बजे अस्थावां, 9:50 बजे बिहार शरीफ, 10:40 बजे नालंदा, 11:05 बजे राजगीर पहुंचते हुए दोपहर 12:00 बजे नटेसर पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 6 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शनिवार को होगा। यह ट्रेन नटेसर से दोपहर 1:00 बजे रवाना होकर 1:20 बजे राजगीर, 1:43 बजे नालंदा, 2:05 बजे बिहार शरीफ, 2:55 बजे अस्थावां, 4:03 बजे शेखपुरा, 5:10 बजे किउल और 8:25 बजे जसीडीह पहुंचते हुए अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक तृतीय वातानुकूलित (3AC), सात शयनयान (स्लीपर), आठ सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल होंगे। इससे श्रावणी मेला के दौरान पूर्वी भारत, विशेषकर पश्चिम बंगाल और बिहार के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान जसीडीह और आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के परिचालन से यात्रा अधिक सुगम होगी और नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का समय और आरक्षण की स्थिति अवश्य जांच लें।





